उत्तराखण्डः भाजपा ने उप चुनाव के लिए जारी की अपने स्टार प्रचारकों की सूची
देहरादून। भाजपा बदरीनाथ और मंगलौर विधानसभा उपचुनाव की जीत पक्की करने के लिए कोई कोर कसर बाकी नहीं रखना चाहती है। उप-चुनाव की तैयारियों के क्रम में भाजपा ने विपक्षी दलों के मुकाबले सबसे पहले अपने प्रत्याशियों की घोषणा की है। हालांकि विपक्षी दलों की ओर से भाजपा के अधिकृत प्रत्याशियों लेकर तरह-तरह के बयान सामने आ रहे हैं। विपक्ष का तो यहां तक कहना है कि बदरीनाथ का उप-चुनाव भाजपा ने राज्य की जनता पर थोपा है। बदरीनाथ से राजेन्द्र भण्डारी को भाजपा ने चुनाव मैदान में उतारा है। बता दें कि राजेन्द्र भण्डारी के इस्तीफे के बाद ही यह सीट खाली हुई थी। राजेन्द्र भण्डारी कांग्रेस के विधायक रहे और लोकसभा चुनाव के दौरान अपनी विधायकी से इस्तीफा दे दिया था। वहीं मंगलौर से भाजपा के उम्मीदवार करतार सिंह भड़ाना को पैराशूट उम्मीदवार बताया है।
बहरहाल इस सब के बीच चुनावी तैयारियों को धार देते हुए भाजपा ने मंगलौर और बदरीनाथ उपचुनाव के पार्टी के स्टार प्रचारकों का ऐलान कर दिया है। भाजपा की स्टार प्रचारकों की सूची में कुल 40 लोगों को शामिल किया है। इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ पूरी कैबिनेट, पूर्व मुख्यमंत्री, एवं लोकसभा एवं राज्य सभा के सांसदों के साथ संगठन के बड़े पदाधिकारियों को शामिल किया है।
हाल में हुए लोकसभा चुनाव में जनता ने प्रदेश की पांचों लोकसभा सीट पर अपना जनादेश दिया है। इससे भाजपा के हौसले बुलंद है। इसी तर्ज पर अब भाजपा इस उपचुनाव में दोनों सीटों को अपने पक्ष में करना चाहती है।
हालांकि मगलौर विधानसभा सीट की बात करें भाजपा राज्य बनने से लेकर अब तक इस सीट पर जीत दर्ज नहीं कर पाई है। अब पार्टी ने रणनीति के तहत यहां पैराशूट उम्मीदवार करतार सिंह भडाना को चुनाव मैदान में उतारा है।