उत्तराखण्डः अपराध और भ्रष्टाचार पर कांग्रेस का धामी सरकार पर वार, भाजपा अध्यक्ष ने किया पलटवार
देहरादून। बहादराबाद शांतरशाह में हुई दलित किशोरी की दुष्कर्म के बाद हुई हत्या पर कांग्रेस ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था के मसले पर भाजपा सरकार पर सवाल उठाया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि पिछले सात सालों में महिला शोषण की जितनी भी घटनाएं हुई हैं भाजपा नेताओं की संलिप्तता रही है। करन माहरा ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि धामी सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल में राज्य में हत्या, चोरी, डकैती, मासूमों से बलात्कार जैसे जघन्य अपराध की घटनाओं की बाढ जैसी आई हुई है। उन्होंने भ्रष्टाचार पर भी बीजेपी सरकार को कठघरे में खड़ा किया है।
वहीं भाजपा ने इसका जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस अपने राजनैतिक उद्देश्यों के लिए झूठ फैला रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि धामी सरकार अपराध और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर कड़ाई से अमल करते हुए बिना किसी भेदभाव के कठोरतम कार्यवाही कर रही है।
मीडिया के लिए जारी बयान में उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था को लेकर सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार शानदार कार्य कर रही है। महिलाओं समेत अन्य अपराधों एवं भ्रष्टाचार के अब तक जो भी प्रकरण सामने आए हैं, उन सभी पर जीरो टॉलरेंस की नीति के आधार पर कार्यवाही की गई है। उन्होंने साफ किया कि हरिद्वार के जिस दुखद प्रकरण का कांग्रेस हवाला दे रही है, उसमें भी संलिप्त आरोपी पर सरकार और संगठन द्वारा सख्त कार्यवाही की गई। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ साथ आयोग एवं पार्टी के पदों से भी तत्काल बर्खास्त किया गया।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के जितने भी प्रकरण सामने आए, उन सभी में धामी सरकार ने तत्काल कठोर एक्शन लिया गया। राज्य निर्माण के बाद से अब तक सर्वाधिक 63 भ्रष्ट अधिकारी कर्मचारियों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि हताश-निराश कांग्रेस राज्य की छवि खराब करने की कीमत पर, भाजपा सरकार को बदनाम करने की साजिश में जुटी है।