September 22, 2024

राजस्थान विधानसभा सत्र से पहले, आज जैसलमेर शिफ्ट किए जाएंगे अशोक गहलोत गुट के विधायक: रिपोर्ट

राजस्थान में जारी सियासी संकट एक बार फिर से तेज हो गया है। विधानसभा सत्र शुरू होने की तारीखों का ऐलान होने के बाद सभी पक्ष अपनी-अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। इस बीच कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार का समर्थन कर रहे विधायकों को शुक्रवार को जयपुर से जैसलमेर ले जाया जाएगा। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी।

पार्टी सूत्रों ने कहा कि यहां के एक होटल में रुके अशोक गहलोत खेमे के कांग्रेस व समर्थक विधायकों को जैसलमेर ले जाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विधायकों की बैठक होगी, जिसे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत संबोधित करेंगे। इसके बाद उन्हें जैसलमेर ले जाया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि ये विधायक 13 जुलाई से जयपुर के बाहर एक होटल में रुके हैं। विधानसभा का आगामी सत्र 14 अगस्त से होना है और तब तक ये विधायक एक साथ ही रुकेंगे। हालांकि विधायकों को स्थानांतरित करने के कारणों के बारे में सूत्रों ने विस्तार से नहीं बताया। 

गहलोत ने दिया था ये बयान

इससे पहले राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार को दावा किया कि आगामी विधानसभा सत्र की तारीख तय होने के बाद राज्य में विधायकों के खरीद-फरोख्त का ‘रेट’ बढ़ गया है। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी और सरकार गिराने का षडयंत्र करने वाली भाजपा को जनता माफ नहीं करेगी।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com