September 22, 2024

राज्यपाल से मिले भगवंत मान, पंजाब में सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे

पंजाब के मनोनीत मुख्यमंत्री भगवंत मान शनिवार को राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित से मिलने चंडीगढ़ के राजभवन पहुंचे हैं। वह राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। उन्हें शुक्रवार (11 मार्च) को पंजाब में विधायक दल के नेता के रूप में चुना गया था।

एक दिन पहले, 45,000 मतों से धूरी सीट जीतने वाले मान को मोहाली में पार्टी के विधायकों की बैठक में आप विधायक दल के नेता के रूप में चुना गया। आम आदमी पार्टी के नेता अमन अरोड़ा ने इस दौरान कहा, ‘विधायिका समूह की आज बैठक हुई। हमने औपचारिक रूप से भगवंत मान को अपना नेता चुना है।’

एक सरकारी प्रवक्ता ने यहां बताया कि राज्यपाल ने 15वीं विधानसभा भंग कर दी है। चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा पुरोहित को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा सौंपे जाने के बाद विधानसभा भंग कर दी गई।

मान 16 मार्च को नवांशहर जिले के महान स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के पैतृक गांव खटकर कलां में पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

मान ने आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अपने शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित किया है। रविवार को दोनों स्वर्ण मंदिर, दुर्गियाना मंदिर और श्री राम तीरथ मंदिर में दर्शन करेंगे।

पार्टी के एक बयान में कहा गया है कि वे आप की जीत का जश्न मनाने और मतदाताओं को धन्यवाद देने के लिए अमृतसर में एक रोड शो में हिस्सा लेंगे। इससे पहले दिन में मान ने दिल्ली में केजरीवाल से मुलाकात की थी।

आप ने 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा में 92 सीटें जीतकर एक बड़ी जीत हासिल की है। कांग्रेस और शिअद-बसपा गठबंधन बेहद ही कम सीटों में सिमट गया। साथ ही चन्नी, शिअद संरक्षक प्रकाश सिंह बादल और पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह सहित कई दिग्गजों इस चुनाव में हार गए।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com