September 22, 2024

देश के इन 12 राज्‍यों में फैला बर्ड फ्लू, यूपी में जीवित पक्षियों के आयात पर रोक

देश भर में बर्ड फ्लू का खतरा बढ़ गया है। अब तक 12 राज्य बर्ड फ्लू की चपेट में आ चुका है। देश के बाकी राज्यों की तरह अब जम्मू-कश्मीर में भी बर्ड फ्लू की दहशत है। जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। प्रशासन ने जम्मू कश्मीर में पॉल्ट्री उत्पाद लाने पर भी प्रतिबंध लगा दिया है।

इससे पहले दिल्ली, उत्तरप्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, केरल, गुजरात, महाराष्ट्र और उत्तराखंड में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है।

राजधानी दिल्ली में बर्ड फ्लू का कहर बढ़ गया है। दिल्ली में 50 से ज्यादा पक्षियों के मरने की खबर है। एमसीडी की वेटरनरी सर्विस डिपार्टमेंट की कई टीम अलग-अलग इलाकों में जांच अभियान चली रही है, चिकन की तमाम दुकानों को बंद कराया जा रही है।

यूपी में जीवित पक्षियों के आयात पर रोक

बढ़ते खतरे को देखते हुए यूपी सरकार ने कई निर्देश जारी किए हैं। यूपी में जीवित पक्षियों के आयात पर सरकार ने रोक लगा दी है। 24 जनवरी तक प्रदेश में पक्षियों के आयात पर रोक लगाई गई है। इस रोक को प्रभावी ढंग से लागू करने के भी निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अलावा बर्ड फ्लू के मद्देनजर यूपी सरकार ने अंतर्राज्यीय सीमा पर भी खास नजर रखने के निर्देश जारी किए हैं। बर्ड फ्लू को देखते हुए पूरे प्रदेश को नियंत्रित क्षेत्र घोषित किया गया है।

गुजरात में भी बर्ड फ्लू की दहशत

बर्ड फ्लू के खतरे को देखते हुए अहमदाबाद के पशु चिकित्सालय में खास व्यवस्था की गई है। सभी कर्मचारियों को पीपीई किट में रहने को कहा गया है। बर्ड फ्लू के कोई भी लक्षण नजर आने पर तुरंत सरकार को सूचित करने को कहा गया है।

एमपी के झाबुआ में बर्ड फ्लू की दस्तक

यहां पर कड़कनाथ मुर्गी में बर्ड फ्लू पाया गया है। फॉर्म से जांच के लिए कड़कनाथ के सैंपल भेजे गए थे, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। भोपाल पशुपालन विभाग के संचालक ने झाबुआ उपसंचालक को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है। इससे पहले इंदौर नीमच और आगर मालवा में मुर्गियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। इसी के साथ एमपी के 18 जिलों में बर्ड फ्लू फैल चुका है।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com