September 22, 2024

भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए घोषित किए नाम, उत्तराखंड से कल्पना सैनी को बनाया प्रत्याशी

देहरादून। 10 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, बिहार और हरियाणा में अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए 16 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। यूपी की सिर्फ 6 सीटों पर ही प्रत्याशी घोषित किए हैं।\

भाजपा ने मध्य प्रदेश से कविता पाटीदार, कर्नाटक से निर्मला सीतारमन और जग्गेश, महाराष्ट्र से पीयूष गोयल और डॉ० अनिल सुखदेवराव, राजस्थान से घनश्याम तिवारी, उत्तर प्रदेश से लक्ष्मीकांत बाजपेई, राधामोहन अग्रवाल, सुरेंद्र सिंह नागर, बाबूराम निषाद, दर्शना सिंह, संगीता यादव, उत्तराखंड से डा० कल्पना सैनी, बिहार से सतीश चंद्र दुबे, शंभू शरण पटेल और हरियाणा से कृष्ण लाल पंवार को उम्मीदवार बनाया है।

बता दें कि राज्यसभा की 57 सीटों पर 10 जून को चुनाव होने वाले हैं। 31 मई को नामांकन की आखिरी तारीख है। उत्तर प्रदेश से राज्यसभा की 11 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। जिसमें भारतीय जनता पार्टी की आठ सीटों पर जीत तय है। फिलहाल पार्टी ने छह प्रत्याशियों की सूची जारी की है। बाकी दो और प्रत्याशियों के नामों की घोषणा जल्द की जाएगी, जिसमें भाजपा अपने सहयोगी दलों को राज्यसभा का टिकट दे सकती है। वहीं यूपी में समाजवादी पार्टी ने कपिल सिब्बल, रालोद के जयंत चौधरी और जावेद अली को प्रत्याशी बनाया है। ‌

उत्तराखण्ड से डा० कल्पना सैनी है भाजपा की उम्मीदवार

उत्तराखंड में राज्यसभा सीट को लेकर भाजपा ने अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। भारतीय जनता पार्टी ने सभी कयासों पर विराम लगाते हुए राज्य की एक महिला को राज्यसभा जाने का मौका दिया है। भाजपा हाईकमान ने डॉ कल्पना सैनी को अपना उम्मीदवार बनाया है। डॉ० कल्पना उत्तराखंड सरकार के पिछड़े आयोग की अध्यक्ष है। खास बात यह है कि इस बार राज्यसभा के लिए पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत समेत भाजपा के केंद्रीय नेता पीयूष गोयल का नाम भी पैनल मे था लेकिन, इस बार भी बीजेपी ने सभी को चौकाते हुए एक ऐसा नाम राज्यसभा के लिए उम्मीदवार के तौर पर घोषित किया जिसको लेकर कोई चर्चा नहीं की जा रही थी।

कौन है डा० कल्पना सैनी

डॉ० कल्पना सैनी वर्तमान में उत्तराखंड सरकार के पिछड़े आयोग की अध्यक्ष हैं। उसने पहले नेशनल फर्टिलाइजर्स निदेशक और रुड़की के जिला अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। वह उत्तराखंड राज्य के राज्य सचिव, उत्तराखंड राज्य परिषद के राज्य अध्यक्ष 2003 से 2005 तक रही। उन्होंने दुर्गा वाहिनी, रुड़की उत्तराखंड के महासचिव और सेवाभारती मातृ मंडल, रुड़की के अध्यक्ष और भाजपा के पार्षद, 1995-2000 के रूप में भी कार्य किया है। वे भाजपा, विहिप और योगी मंगलनाथ सरस्वती शिशु मंदिर में कई वरिष्ठ पद पर हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक व्याख्याता के रूप में की और 1987 से गांधी महिला विद्यालय में प्राचार्य के रूप में कार्य किया।

उन्होंने मेरठ विश्वविद्यालय से प्रथम श्रेणी के परिणाम प्राप्त करते हुए संस्कृत में पीएचडी की डिग्री हासिल की। कल्पना सैनी 31 साल की उम्र में 1990 से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ी थीं और रुड़की में प्रिंसिपल के रूप में अपने रोजगार के दौरान भी संगठन से जुड़ी रहीं। 1995 में, उन्हें भारतीय जनता पार्टी के रुड़की के लिए पार्षद नियुक्त किया गया।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com