September 22, 2024

भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक, टिकट के दावेदारों के पैनल पर होगी चर्चा

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं। प्रदेश भाजपा शनिवार को 70 विधानसभा सीटों पर नामों के पैनल तैयार कर देगी। हर सीट पर पार्टी तीन नाम केंद्रीय हाईकमान को भेजेगी। इसके लिए शनिवार को प्रदेश पार्टी कार्यालय में कोर ग्रुप और चुनाव समिति की बैठकें होंगी।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के मुताबिक सभी चुनाव क्षेत्रों से पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट प्राप्त हो गई है। सूत्रों का कहना है कि शुक्रवार को पार्टी के प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में चुनाव क्षेत्रों से लाए गए नामों की पेटी खोली गई।

वरिष्ठ नेताओं के बीच इन नामों पर गहन मंथन हुआ। शनिवार को कोरग्रुप के सामने ये सभी नाम रखे जाएंगे और दावेदारों की जीत की संभावना की मेरिट पर तीन नामों का पैनल तैयार किया जाएगा। सुबह 11 बजे से कोर ग्रुप की बैठक शुरू होगी और फिर 1 बजे से चुनाव समिति की बैठक होगी। प्रदेश अध्यक्ष कौशिक के मुताबिक, दोनों बैठकों में नामों का पैनल तैयार करने के बाद इसे केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय संसदीय बोर्ड तीन नामों के पैनल पर विचार करने के बाद ही घोषणा करेगा।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com