अपने बयान को लेकर भाजपा अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट विपक्षी कांग्रेस के निशाने पर

mahender bhatt

देहरादून। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट अपने बयान से विपक्ष के निशाने पर आ गए हैं। उनके बयान को पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बचकाना करार दिया है। गणेश गोदियाल का कहा कि एक राष्ट्रीय पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के पद पर रहते हुए उन्हें ऐसे बयानों से बचना चाहिए।

पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने एक वीडियो जारी कर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बयान ‘जिस घर पर तिरंगा नहीं, उस पर देश विश्वास नहीं कर सकता’ पर पलटवार किया है।

गणेश गोदियाल का कहना है कि महेंद्र भट्ट का ताजा बयान यह है कि उन घरों की पहचान होनी चाहिए, जिन घरों में तिरंगा नहीं है, लेकिन वो यह बताना चाहते हैं कि मैं आज पूरे पहाड़ों में घूम रहा हूं, पहाड़ों में अधिकांश लोग अपने घरों पर तिरंगा नहीं लगा पाए हैं। क्योंकि, बीजेपी शासनकाल में लोगों की आर्थिक स्थिति में भारी बदलाव और गिरावट आई है।

गणेश गोदियाल ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पर निशाना साधते हुए कहा कि हम सब देश प्रेमी लोग हैं और पहाड़ों में रहने वाला प्रत्येक व्यक्ति अपने देश से अगाध प्रेम करता है। अगर महेंद्र भट्ट को उनका वास्तविक पता चाहिए, जो जान बूझकर के अपने घरों पर तिरंगा नहीं लगा रहे हैं तो उनका सही पता नागपुर में स्थित आरएसएस मुख्यालय है। उन्हें वहां जाना चाहिए, जहां उन्हें ऐसे लोग मिलेंगे जो जानबूझकर देश के राष्ट्र ध्वज को अपने मकानों पर नहीं लगाते हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने भी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पर तीखा हमला बोला है। करन माहरा ने कहा कि महेंद्र भट्ट का कहना ‘जिस घर में झंडा नहीं, उस पर विश्वास नहीं’, ऐसे में भट्ट ने बिल्कुल सच कहा है क्योंकि, ये वही लोग हैं. जिन्होंने 51-52 साल तक अपने संघ कार्यालय पर झंडा कभी नहीं फहराया। जिन तीन लोगों ने वहां झंडा फहराया था, उन्हें 2013 तक मुकदमे झेलने पड़े थे।