September 22, 2024

झटका: बैकफुट पर श्रीदेव सुमन विवि के कुलपति, दस्तावेज ने चेताया, भर्ती का आदेश निरस्त

देहरादून। श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय बादशाही टिहरी गढ़वाल में 23 अप्रैल को होने वाली भर्ती प्रक्रिया को निरस्त कर दिया गया है। दस्तावेज डाट इन ने ‘EXCLUSIVE: श्रीदेव सुमन विवि के कुलपति का कारनामा, कोविड गाइडलाइन को दरकिनार कर 23 को भर्ती की तैयारी’ नाम के शीर्षक से चार घंटे पहले खबर प्रकाशित की थी। जिसमें दस्तावेज द्वारा सवाल उठाए गये थे कि प्रदेश में कोविड-19 को लेकर एसओपी जारी है। बावजूद इसके भी श्रीदेव सुमन विवि के कुलपति अपने चहेतों को एडजस्ट करने के लिए 23 अप्रैल में बड़ी भर्ती प्रक्रिया की फिराक में है।

EXCLUSIVE: श्री देव सुमन विवि के कुलपति का कारनामा, कोविड गाइडलाइन को दरकिनार कर 23 को भर्ती की तैयारी

सबसे बड़ा सवाल यही खड़ा होता है कि जब प्रदेश में मुख्य सचिव द्वारा सभी प्रकार की भर्ती प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है बावजूद इसके भी विवि कुलपति किन नियमों के तहत विवि में कोरोना संकट में जमावड़ा लगाना चाहते थे। लेकिन खबर प्रकाशित होने के चंद घंटों के भीतर विवि ने एक प्रेस नोट जारी कर भर्ती प्रक्रिया को निरस्त कर दिया है।

कैसे मिलेगी अभ्यर्थियों को समय पर जानकारी

कुलपति ने इस भर्ती प्रक्रिया को तो अंत समय पर निरस्त कर दिया है। लेकिन सवाल ये खड़ा होता है कि जो उम्मीदवार इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए प्रदेश भर से विवि के लिए निकल चुके हैं उनको इस भर्ती के निरस्तीकरण की जानकारी कैसे मिलेगी? जबकि विवि ने उम्मीदवारों को भर्ती में शामिल होने को 23 अप्रैल प्रातः 10 बजे विवि परिसर में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। विवि द्वारा आखिरी वक्त में भर्ती को निरस्त करना विवि प्रशासन की मनमानी, लापरवाही और कुप्रबंधन को दर्शाता है। ये पहली दफा नहीं है जब विवि प्रशासन ने इस तरीका का मनमाना फैसला किया है। इससे पहले भी विवि प्रशासन मनमाने और गैरजिम्मेदाराना फैसले को लेकर सुर्खियों में रहा है। इससे सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया है जब कुलपति अपने डेढ़ साल के कार्यकाल में एक भी कर्मचारी की भर्ती नहीं कर पाये तो कोरोना जैसे महामारी में भर्ती प्रक्रिया को जारी रखना दर्शाता है कि कुछ ना कुछ तो दाल में काला है।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com