September 22, 2024

विस चुनाव में दिखेगा प्रचार का बदला रंग, भाजपा ने बनाई ये कार्ययोजना

देहरादून। कोरोना की छाया में हो रहे विधानसभा चुनाव में इस बार प्रचार का नया रंग दिखेगा। कोविड पाबंदियों को देखते हुए भाजपा ने इसी हिसाब से वर्चुअल प्रचार की रणनीति तैयार की है। भाजपा ने प्रदेश में अपने सांगठनिक ढांचे का मनोवैज्ञानिक लाभ लेने और संगठन का बेहतर उपयोग करने की कार्ययोजना बनाई है।

इसके लिए प्रांत से लेकर बूथ स्तर तक सभी 14282 इकाइयों को सक्रिय कर उन्हें वर्चुअल माध्यम से जोड़ा है। साथ ही चुनाव प्रचार की गतिविधियों पर नजर रखने को पार्टी कार्यकर्त्ताओं की जिम्मेदारी भी तय कर दी है।

सांगठनिक दृष्टि से देखें तो प्रदेश में भाजपा का सशक्त ढांचा है और बदली परिस्थितियों में वह इसका बेहतर उपयोग कर चुनावी वैतरणी पार लगाने को कमर कसे हुए है। चुनाव की घोषणा से छह माह पहले ही पार्टी ने बूथ स्तरीय इकाइयां गठित करने के साथ ही हर बूथ पर पन्ना प्रमुख नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। प्रत्येक बूथ की मतदाता सूची के एक पृष्ठ की जिम्मेदारी एक कार्यकर्त्ता को दी जाती है, जिसे पन्ना प्रमुख कहा जाता है।

अब जबकि कोरोना संक्रमण के मद्देनजर विधानसभा चुनाव बदली परिस्थितियों में हो रहे हैं तो पार्टी ने वर्चुअल प्रचार माध्यम पर फोकस किया है। इसके लिए प्रांत से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को वर्चुअल माध्यम से जोड़ा गया है। संगठन की सभी इकाइयां सक्रिय कर दी गई हैं। बूथ स्तर पर पार्टी ने 15 हजार से अधिक वाट्सएप गु्रप बनाए हैं, जिनके माध्यम से आने वाले दिनों में पार्टी नेताओं की वर्चुअल सभाओं के लिंक भेजे जाएंगे। साथ ही पार्टी की रीति-नीति और केंद्र व राज्य सरकारों की उपलब्धियों से आमजन को अवगत कराया जाएगा।

भाजपा ने विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियों के लिए प्रभावी ढांचा तैयार किया है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रभारी, समन्वयक, प्रवासी कार्यकर्त्ता, विस्तारक नियुक्त किए गए हैं। ये सभी आपसी समन्वय से चुनावी गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही कहीं कोई दिक्कत आने पर तुरंत इसका निदान भी करा रहे हैं।

पार्टी ने प्रदेश के सभी पोलिंग बूथों के लिए 50 हजार से अधिक पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति कर दी है। पन्ना प्रमुखों ने उन्हें आवंटित मतदाता सूची में शामिल मतदाताओं से संपर्क साधना भी शुरू कर दिया है।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com