September 22, 2024

मुख्यमंत्री का दिल्ली प्रवासः इन केद्रीय मंत्रियों से मंगलवार को हुई मुलाकात, जाने किन मुद्दो पर बनी विकास को लेकर बात

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री इन दिनों दिल्ली में हैं। जहा मंगलवार को उन्होंने लोक सभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, केन्द्रीय पर्यटन मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और रेल मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने इन नेताओं से प्रदेश के विकास को लेकर चर्चा की तथा इसमें केन्द्र से सहयोग का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री प्रहलाद सिंह पटेल से भेंट की।

मुख्यमंत्री के अनुरोध पर केन्द्रीय पर्यटन मंत्री ने आईडीपीएल, ऋषिकेश को स्पेशल टूरिज्म जोन के रूप में विकसित किए जाने की योजना को स्वीकृति प्रदान की। इसके लिए आईडीपीएल ऋषिकेश में 600 एकङ में बायोडायवर्सिटी पार्क, इन्टरनेशनल कन्वेंशन सेंटर, रिजार्ट, होटल, वैलनेस सेंटर बनाए जाने प्रस्तावित हैं। केन्द्रीय पर्यटन मंत्री श्री प्रह्लाद पटेल ने राज्य सरकार के इस प्रोजेक्ट की सराहना करते हुए इसे अन्य राज्यों के लिए भी अनुकरणीय बताया। उन्होंने कहा कि आगे जाकर इसकी फंडिंग भारत सरकार द्वारा की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से उक्त प्रस्तावों को जल्द स्वीकृत किए जाने का अनुरोध किया। इस पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगले सप्ताह तक प्रसाद योजना में 50 करोङ की स्वीकृति दे दी जाएगी। फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट अल्मोङा का काम दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि इसके लिए जरूरी बजट तत्काल स्वीकृत किया जाएगा।

केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने मुख्यमंत्री को कहा कि उत्तराखण्ड में पर्यटन विकास के लिए पर्यटन मंत्रालय द्वारा हर सम्भव सहयोग दिया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य सचिव ओमप्रकाश, सचिव राधिका झा, दिलीप जावलकर, शैलेश बगोली व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

लोक सभा अध्यक्ष से भेंट

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने नई दिल्ली में मंगलवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला जी से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने लोकसभा अध्यक्ष को केदारनाथ मंदिर की प्रतिकृति और शॉल भेंट किया।

 रेल मंत्री से मुलाकात

मुख्यमंत्री श्री तीरथ सिंह रावत ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री रेल, वाणिज्य एवं उद्योग, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण श्री पीयूष गोयल से भेंट कर राज्य से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विचार विमर्श किया।

मुख्यमंत्री के अनुरोध पर केन्द्रीय रेल मंत्री ने दिल्ली-रामनगर कार्बेट इको ट्रेन की सैद्धान्तिक मंजूरी देते हुए कहा कि जल्द ही इसे प्रारंभ किया जाएगा।

केन्द्रीय रेल मंत्री ने अपने मंत्रालय के अधिकारियों को रूङकी-देवबंद रेल का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने मुख्यमंत्री के अनुरोध पर टनकपुर-बागेश्वर और डोईवाला से गंगोत्री-यमुनोत्री रेलवे लाईन के सर्वे की भी स्वीकृति दी। रेल मंत्री ने कहा कि हरिद्वार-देहरादून रेल लाईन के दोहरीकरण का काम दो फेज में किया जाएगा।पहले फेज में हरिद्वार-रायवाला दोहरीकरण को जल्द पूरा किया जाएगा।

रायवाला-देहरादून में भूमि संबंधित औपचारिकताओं को पूरा करते हुए दूसरे फेज में इसे किया जाएगा। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने मंत्रालय के अधिकारियों को रायवाला रेलवे डाइवर्जन का काम अविलंब शुरू करने के निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार में तीर्थ यात्रियों, देश विदेश के सैलानियों की सुविधा के लिए हवाई सेवा विकसित करने के लिए हैलीपेड बनाया जाना है। मुख्यमंत्री ने इसके लिए बी.एच.ई.एल. की चिन्हित 0.5 है0 भूमि राज्य सरकार को 20 वर्षों के लिए निशुल्क हस्तांतरित किए जाने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने निर्यातकों की सुविधा के लिए बी.एच.ई.एल. परिसर हरिद्वार में चिन्हित 35 एकड़ भूमि में इनलैंड कन्टेनर डिपो की स्थापना के लिए आवश्यक कार्यवाही करने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना, पीएमजीकेएवाई/एएनबीवाई के लिए उचित दर विक्रेताओं के परिवहन व लाभांश के अंतर्गत अवशेष रूपए 526 करोड़ की अवशेष सब्सिडी उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया।

इस अवसर पर मुख्य सचिव ओमप्रकाश, सचिव राधिका झा, शैलेश बगोली, रणजीत सिंहा, सुशील कुमार व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com