September 22, 2024

कांग्रेस के स्थापना दिवस पर बीजेपी पर बरसीं सोनिया गांधी, कहा- देश में हो रही तानाशाही

देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस आज अपना 137 वां स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ता और नेताओं ने देश के विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए हैं। दिल्ली में कांग्रेस के मुख्यालय पर आयोजित हुए कार्यक्रम में पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी भी शामिल हुईं। सोनिया गांधी ने झंडा फहराकर देश और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि हमें लोकतंत्र की रक्षा के लिए, समाज विरोधी साजिशों के खिलाफ हर संभव संघर्ष कर पार्टी को मजबूत बनाना है। हम इस संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे।

कांग्रेस के स्थापना दिवस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा- ‘हमारे महान नेताओं ने भारत की एक मजबूत बुनियाद रखी थी। जिसपर चलकर हमने एक सशक्त भारत बनाया। जिन लोगों ने आजादी के आंदोलन में भागीदारी नहीं की वे इसे नहीं समझ सकते हैं।’ सोनिया गांधी ने आगे कहा ‘हमारी विरासत गंगा-जमुनी संस्कृति को मिटाने की कोशिश हो रही है। देश का आम नागरिक असुरक्षित महसूस कर रहा है। लोकतंत्र व संविधान को दरकिनार किया जा रहा है, ऐसे समय में कांग्रेस चुप नहीं रह सकती।’

सोनिया गांधी ने कहा ‘हमारे प्यारे देशवासियों और कांग्रेस के जांबाज साथियों आज हम सब 137 साल पुरानी अपनी कांग्रेस पार्टी का स्थापना दिवस पूरे देश में बड़े व्यापक रूप से मना रहे हैं। कांग्रेस केवल एक राजनीतिक पार्टी का ही नाम नहीं है, बल्कि एक आंदोलन का नाम कांग्रेस पार्टी है। कांग्रेस की स्थापना किन परिस्थितियों में हुई यह मुझे बताने की जरूरत नहीं है।’

सोनिया गांधी ने आगे कहा ‘आजादी के आंदोलन में कांग्रेस और उसके तमाम नेताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। संघर्ष किया, जेलों में कठोर यातनाएं झेलीं और बहुत से देश भक्तों ने अपने प्राणों तक का बलिदान दे दिया तब जाकर कहीं हमें आजादी मिली। आजादी के बाद हमें जो भारत मिला उसकी कल्पना करना कठिन है लेकिन हमारे महान नेताओं ने बड़ी सूझबूझ और दृढ़ निश्चय के साथ भारत के नव-निर्माण की एक मजबूत बुनियाद रखी जिस पर चलकर हमने एक सशक्त भारत खड़ा किया।’


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com