September 22, 2024

कांग्रेस का ‘स्पीक अप’ अभियान शुरू, मजदूरों और एमएसएमई के लिए मदद की मांग

कोरोना वायरस संकट के बीच सबसे बुरी तरह प्रभावित मजदूरों और एमएसएमई की सहायता के लिए कांग्रेस के ऑनलाइन अभियान ‘स्पीक अप’ का आगाज हो चुका है। गुरुवार को 11 बजे से शुरू होकर यह अभियान 4 बजे तक चलना है। अभियान के तहत पार्टी के नेता कार्यकर्ताओं और समर्थकों से ऑनलाइन संवाद का अभियान चला रहे हैं। इस अभियान में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेसशासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों समेत सभी बड़े नेता शामिल हैं।

कांग्रेस का दावा है कि इस अभियान में उसके 50 लाख से ज्यादा कार्यकर्ता और समर्थक हिस्सा ले रहे हैं। ‘स्पीक अप’ कैंपेन के प्रमुख मुद्दों में आर्थिक बदहाली, प्रवासी मजदूरों के संकट और बेरोजगारी संकट पर चर्चा शामिल है।

‘जुड़ेंगे 50 लाख कार्यकर्ता’

पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता अजय माकन के मुताबिक कांग्रेस के इस ऑनलाइन अभियान के माध्यम से 50 लाख कार्यकर्ता एवं समर्थक सरकार के समक्ष अपनी बात रखेंगे। उन्होंने वीडियो लिंक के माध्यम से संवाददाताओं से कहा, ‘‘ गरीबों, मजदूरों और छोटे कारोबारों की मदद को लेकर हम 28 मई को सुबह 11 बजे से ऑनलाइन अभियान शुरू करेंगे। इसमें 50 लाख कार्यकर्ता व समर्थक जुड़ेंगे। इस अभियान का नाम ‘स्पीक अप इंडिया‘’ होगा।’’

ये है दो प्रमुख मांगें

माकन ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से सरकार से दो प्रमुख मांगें की जाएंगी। पहली मांग प्रवासी श्रमिकों को मुफ्त परिवहन सेवा उपलब्ध कराना और 10 हजार रुपये की तत्काल मदद देना है। दूसरी मांग एमएसएमई को तत्काल वित्तीय मदद देने की है।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com