September 22, 2024

लॉकडाउन 5: गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्रियों के साथ की बैठक, मांगे सुझाव

लॉकडाउन-5.0 को लेकर जारी मंथन के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बातचीत की। उन्होंने लॉकडाउन-4.0 को लेकर मुख्यमंत्रियों के विचार जाने और मौजूदा हालात पर चर्चा की। अमित शाह ने 31 मई के बाद लॉकडाउन को लेकर राज्यों की राय भी ली। 31 मई को लॉकडाउन-4.0 खत्म हो रहा है और आगे को लेकर मंथन जारी है। हालांकि अभी तक लॉकडाउन-5.0 को लेकर कुछ साफ नहीं हो पाया है। उम्मीद की जा रही है कि 31 मई को पीएम मोदी मन की बात कार्यक्रम में स्थिति कुछ साफ कर सकते हैं।

देश में लॉकडाउन 4 की मियाद 31 मई को पूरी हो रही है। ऐसे में आगे क्या हो, लॉकडाउन 5 लागू हो या नहीं? अगर हो तो उसकी तस्वीर कैसी हो? इन सब को लेकर गृम मंत्री अमित शाह ने तमाम राज्यों के मुख्यमंत्रियों से सुझाव मांगे हैं। गृह मंत्री शाह ने आज सभी मुख्यमंत्रियों से फोन पर बातचीत की और लॉकडाउन 5 को लेकर उनसे सुझाव मांगे। अमित शाह ने मुख्यमंत्रियों से इस बात को लेकर भी सुझाव मांगे हैं कि लॉकडाउन खत्म किया जाए या फिर इसे आगे बढ़ाया जाए। इन तमाम विषयों पर गृह मंत्री ने मुख्यमंत्रियों से राय मांगी है।

इससे पहले कैबिनेट सचिव की मीटिंग में केंद्र सरकार ने राज्यों को सुझाव देने के लिए शनिवार तक का समय दिया है। बैठक में राज्यों से हालात को और बेहतर बनाने के लिए भी सुझाव मांगे गए। राज्यों से यह भी पूछा गया कि 31 मई के बाद वह अपने राज्य में और कौन-कौन से नए कदम उठाना चाहते हैं। लॉकडाउन की स्थिति पर कैबिनेट सचिव राजीव गाबा ने गुरुवार देश के सभी राज्यों के मुख्य सचिवों और प्रमुख स्वास्थ्य सचिवों के साथ बैठक की। ये पहली बार हुआ जब कैबिनेट बैठक में राज्यों के निगम कमिश्नरों को भी शामिल किया गया।

मीडिया में ऐसी खबरें आ रही हैं कि, 31 मई के बाद सरकार लॉकडाउन के पांचवे चरण का ऐलान कर सकती है।हालांकि, मीडिया में चल रही इन खबरों पर गृह मंत्रालय ने अपने स्पष्टीकरण में साफ कहा कि लॉकडाउन 5.0 की खबरें बिल्कुल बेबुनियाद हैं। ध्यान रहे कि लॉकडाउन की रूपरेखा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) तय करता है।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com