September 22, 2024

दिल्ली विधानसभा का विशेष सत्र शुरू, प्रोटेम स्पीकर दिला रहे हैं शपथ

दिल्ली विधानसभा चुनाव तीन दिवसीय सत्र आज से शुरू हो गया है। नई विधानसभा के लिए आप विधायक शोएब इकबाल को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया गया है, जो विधायकों को शपथ दिला रहे हैं। सबसे पहले नई दिल्ली विधानसभा सीट से विधायक और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ईश्वर के नाम से शपथ ली। सदन में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पटपड़गंज से विधायक और मंत्री मनीष सिसोदिया, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन और गोपाल राय ने ईश्वर के नाम की शपथ ली, जबकि मंत्री सतेंद्र जैन ने महावीर और राजेंद्र पाल गौतम ने तथागत बुद्ध के नाम से शपथ ग्रहण किया।

संजीव झा ने मैथिली में ली शपथ

बुराड़ी से आप विधायक ने मैथिली भाषा में शपथ ग्रहण किया। संजीव बिहार के मधुबनी के रहने वाले हैं। वो मधुबनी को दर्शाते हुए पारंपरिक मैथिली परिधान पहन कर सदन पहुंचे। उनके साथ ही किराड़ी विधानसभा से विधायन ऋतुराज झा ने भी मैथिली में ही शपथ ली।

वहीं रिठाला विधानसभा सीट से विधायक मोहिंदर गोयल ने ईश्वर, अल्लाह, गॉड और वाहेगुरु के नाम पर शपथ ली। वहीं वजीरपुर सीट से आप विधायक राजेश गुप्ता ने अपने दिवंगत माता-पिता के नाम से शपथ ली।

बदरपुर विधायक रामवीर सिंह बिधूड़ी बने नेता प्रतिपक्ष

दिल्ली विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष के लिए बदरपुर के भाजपा विधायक रामवीर सिंह बिधूड़ी को चुना गया है। नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद बिधूड़ी ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा, प्रदेश नेतृत्व और सभी विधायकों का बहुत आभारी हूं। मैं सबके प्रति आभार प्रकट करता हूं। 

उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी का रचनात्मक विरोध रहेगा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली को दुनिया का सबसे सुंदर देश बनाने का वादा किया है। इसमें आम आदमी पार्टी को हमारा पूरा सहयोग मिलेगा। 

बिधूड़ी ने कहा कि हम यह चाहते हैं केजरीवाल सरकार 200 यूनिट बिजली और मुफ्त महिला बस सफर की योजनाओं को जारी रखे। योजनाओं में अगर कोई कटौती होती है तो भाजपा इसका विरोध दर्ज कराएगी।

दोपहर दो बजे अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव

दोपहर 2 बजे विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। माना जा रहा है कि जिस तरह से सभी मंत्रियों को दोबारा जिम्मेदारी दी गई है ठीक उसी तरह से अध्यक्ष पद पर भी रामनिवास गोयल का बनना तय है।

सत्र के दूसरे दिन यानी मंगलवार को उपराज्यपाल का अभिभाषण होगा। बुधवार को धन्यवाद प्रस्ताव और उस पर चर्चा की जाएगी। गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। आप के जहां 62 विधायक चुनकर विधानसभा पहुंचे हैं तो वहीं भाजपा के महज 8 विधायक जीत दर्ज कर पाए हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com