September 21, 2024

समाज सेवा में जुटा देवभूमि विकास संस्थान

देहरादून। देवभूमि विकास संस्थान (रजि.) देहरादून एक गैर राजनैतिक सामाजिक संस्था है। यह संस्था बिना किसी राजकीय सहायता के समाज के जागरूक और सेवाभावी जनमानस के सहयोग से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरुकता और जल संचय व संवर्द्धन के लिए कार्य कर रही है। साथ ही शिक्षा एवं लोक संस्कृति के क्षेत्र में निरंतर पिछले 15 सालों से पूरी सेवा भाव के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर कार्य कर रही है। रक्तदान शिविरों के जरिए जरूरतमंद व्यक्तिओं के लिए बड़ी मात्रा में ब्लड की कमी को दूर करने के लिए संस्था लगातार कार्य कर रही है।

संस्था अपने सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी और दायित्वों के निर्वहन के साथ ही समाज के सभी प्रबुद्ध और सेवाभावी लोगों से अपेक्षा करती है कि वह भी इस दिशा में आगे आएं। यदि वो संस्था से वैचारिक और क्रियात्मक रूप से जुड़ना चाहते हैं तो उनका हमेशा स्वागत है।

*पर्यावरण संरक्षण*– पर्यावरण संरक्षण और संवर्द्धन के लिए संस्था ने करीब 14 साल पहले ऋषिपर्णा (रिस्पना नदी) को पालीथीन मुक्त करने और उसका पुनर्जीवन के लिए 66 दिन तक रिस्पना नदी में स्वच्छता अभियान चलाया जिसमे हजारों टन प्लास्टिक कचरा निकला गया । पालीथीन मुक्त अभियान के तहत प्रदेश भर में लाखों कपड़े से बने थैलों का भी वितरण किया गया। इस स्वच्छता अभियान में पर्यावरण प्रेमियों के साथ ही सामाजिक संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों के बच्चों, पंतजलि योग पीठ, परमार्थ निकेतन ऋषिकेश, सिविल डिफेंस के साथ ही कुछ संवैधानिक संस्थाओं के प्रमुखों और वैज्ञानिकों ने भी अपना सक्रिय सहयोग दिया।

देवभूमि विकास संस्था के संरक्षक व पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के मार्गदर्शन और नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण के लिए एक विशेष अभियान चलाया गया। जिसमें पूरे उत्तराखंड में एक लाख से ज्यादा पीपल और बरगद के वृक्षों का रोपण किया गया। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि इन वृक्षारोपण को संरक्षित करने के साथ ही इनकी लगातार देखभाल भी हो। हाल ही में मां सुरकंडा देवी मंदिर की पहाड़ी पर 400 से ज्यादा पौधे रौपे गए। आजादी के अमृत महोत्सव पर डिफेंस कालोनी में 75 प्रजाति के पौधे लगाए गए। जल संचय के तहत सिस्टर्न में बालू से भरी बोतल डालने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया। इस योजना में लाखों लीटर पानी का संचय किया गया।

*शिक्षा व स्वास्थ्यः* इस क्षेत्र में भी संस्था ने पूर्व मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में अनेक उल्लेखनीय कार्य किए। पूरे प्रदेश में रक्तदान शिविरों का आयोजन कर हजारों यूनिट रक्त संग्रह कर ब्लड बैंकों और सरकारी व गैर सरकारी संस्थाओं में जमा कराया गया। ताकि जरूरतमंद गरीबों का जीवन बचाया जा सके।

शिक्षा के क्षेत्र में ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए सुपर 20 प्रतिभा परीक्षा का आयोजन किया गया। इसके तहत तकनीकी और मेडिकल शिक्षा में प्रवेश परीक्षा की कोचिंग के लिए 20 मेधावी छात्र-छात्राओं का चयन किया गया। संस्था द्वारा गरीब परिवारों के बच्चियों की शिक्षा के लिए आर्थिक सहयोग भी दिया जा रहा है।

*खेलः* भावी पीढ़ी को शारीरिक और मानसिक तौर पर स्वस्थ रखने के लिए खेल भी जरूरी हैं। इसके तहत स्व.वीर सिंह ठाकुर मेमोरियल फुटबाल टुर्नामेंट का आयोजन किया गया।देवभूमि विकास संस्था हिंदू नववर्ष की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, कवि सम्मेलन, लोक कला व संस्कृति के कार्यक्रम आयोजित करती है ताकि लोक संस्कृति के प्रति भावी पीढ़ी को भी जागरूक किया जा सके।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com