September 21, 2024

बेरोजगारों पर लाठीचार्ज मामले में पूर्व सीएम त्रिवेन्द्र ने माफी मांगी

देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने बेरोजगारों पर हुए लाठीचार्ज को गलत बताते हुए माफ़ी मांगी है। उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं पर लाठीचार्ज से बचना चाहिए था। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री और जिम्मेदार नागरिक होने के नाते वो सभी युवाओं, उनके अभिभावकों और प्रदेशवासियों से माफ़ी मांगते हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के श्रीनगर पहुंचने पर विश्वविद्यालय गेट के समीप और अदिति केंद्र सभागार में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

अदिति केंद्र सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि निष्ठावान और समर्पित पार्टी कार्यकर्त्ताओं के दम पर ही भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है।

यहां पत्रकारों से वार्ता करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि विक्टोरिया क्रास विजेता दरबान सिंह की ऋषिकेश से कर्णप्रयाग तक रेल चलाने की कल्पना को देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ही पूरा किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के पहाड़ी भू भाग में रेल चलाने का सपना प्रधानमंत्री मोदी के कारण ही आज सच होता जा रहा है। ऋषिकेश से कर्णप्रयाग रेल लाइन का पहाड़ की जनता का सपना अब बहुत जल्दी साकार भी होने जा रहा है।

पेपर लीक मामले को बहुत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस मामले में तत्काल प्रभाव से कार्रवाई कर आरोपितों को जेल भेज दिया है। प्रदेश में अब देश का सबसे सख्त नकल कानून भी लागू हो चुका है।

पत्रकारों से बातचीत में पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट को देश का चहुंमुखी विकास करने वाला बहुत संतुलित बजट बताया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सक्षम नेतृत्व और उनकी दृढ़संकल्पशक्ति के कारण ही बीते नौ सालों में ही रक्षा क्षेत्र में भी अब भारत निर्यात करने वाले देशों की श्रेणी में आ गया है। जबकि इससे पहले आजादी के 70 सालों में रक्षा क्षेत्र में भारत आयातक ही था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत अब विश्व पटल पर मजबूती के साथ अपना प्रभाव भी छोड़ रहा है।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com