September 21, 2024

हरिद्वार संसदीय सीट से पूर्व सीएम त्रिवेन्द्र रिकार्ड मतों से जीते

देहरादून। हरिद्वार सीट पर भाजपा उम्मीदवार त्रिवेंद्र सिंह रावत ने 653808 मतों से जीत हासिल की। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार वीरेन्द्र रावत को 164056 वोटों के अंतर से हराया।

त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जीत के बाद कहा कि उत्तराखंड में लोकसभा की पांचों सीटों पर परिणाम हमारी उम्मीदों और प्रयासों के अनुकूल आए हैं। प्रदेश के लोगों ने एक बार फिर पीएम नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताया है। मैं हरिद्वार लोकसभा की जनता का आभार प्रकट करता हूं। चुनाव क्षेत्र के मतदाताओं ने मुझे भारी बहुमत से विजय बनाने का कार्य किया।

त्रिवेन्द्र सिंह रावत का राजनीतिक सफर

त्रिवेंद्र सिंह रावत का राजनीतिक सफर 1979 में शुरू हुआ था। इसी साल त्रिवेंद्र सिंह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े थे। 1981 में उन्होंने संघ के प्रचारक के रूप में काम करने का संकल्प लिया। 1985 में त्रिवेंद्र सिंह रावत देहरादून महानगर के प्रचारक बने। इसके बाद 1993 में वे भाजपा के क्षेत्रीय संगठन मंत्री बने। इस दौरान वे पार्टी में अहम भूमिका में रहे। इसके बाद 1997 में त्रिवेंद्र सिंह रावत भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री बने। साल 2002 में वे दोबारा भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री बने।

2002 में उन्होंने पहली मर्तबा डोईवाला विधानसभा से चुनाव लड़ा और डोईवाला से जीत हासिल की थी। 2007 में डोईवाला विधानसभा क्षेत्र से उत्तराखंड विधान सभा के लिए भाजपा उम्मीदवार के रूप में वे विजयी हुए। भाजपा सरकार के मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री बने। 2017 में डोईवाला विधानसभा क्षेत्र से उत्तराखंड विधान सभा के लिए भाजपा के उम्मीदवार के रूप में विजयी हुए। इसके बाद 17 मार्च 2017 को उन्हें उत्तराखंड के मुख्यमंत्री की कमान सौंपी गई। मार्च 2021 में उन्होंने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया था। इस बार पार्टी हाईकमान ने उन्हें हरिद्वार लोकसभा सीट से पहली बार चुनाव मैदान में उतारा और विजयी घोषित हुए।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com