गठबंधन की अटकलें खत्म! गोपाल कांडा हलोपा के चुनाव चिन्ह पर लड़ेंगे चुनाव

सोशल मीडिया पर जारी पोस्टर, भाजपा से गठबंधन नहीं बनने के संकेत
चंडीगढ़: जैसे-जैसे हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीख करीब आ रही है, राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। हरियाणा लोकहित पार्टी (हलोपा) प्रमुख गोपाल कांडा ने स्पष्ट कर दिया है कि वह अपनी पार्टी के चुनाव चिन्ह पानी का जहाज पर चुनाव लड़ेंगे। उनके सोशल मीडिया हैंडल पर एक नया पोस्टर जारी किया गया है, जिसमें लिखा गया है, “पानी का जहाज चुनाव चिन्ह का बटन दबाकर गोपाल कांडा को जिताएं।”
यह पोस्टर इस बात का संकेत है कि भाजपा के साथ गठबंधन की संभावनाएं खत्म हो गई हैं। बता दें कि हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए मतदान अब 5 अक्टूबर को होगा, जबकि नतीजे 8 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। पहले मतदान और परिणाम की तारीख क्रमशः 1 और 4 अक्टूबर तय थी, लेकिन त्योहारों के कारण चुनाव आयोग ने इसे बदल दिया।
पृष्ठभूमि: हरियाणा विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 3 नवंबर 2024 को समाप्त हो रहा है। पिछला चुनाव अक्टूबर 2019 में हुआ था, जिसमें भाजपा और जननायक जनता पार्टी (जजपा) ने गठबंधन कर सरकार बनाई थी।