हरियाणा चुनाव: कांग्रेस आज जारी कर सकती है चौथी सूची, 49 सीटों पर फाइनल मुहर

आधी रात तक चली जूम मीटिंग, राहुल गांधी ने अमेरिका से लगाई सहमति
चंडीगढ़ (हरियाणा): हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस आज अपने उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी कर सकती है। देर रात तक चली जूम मीटिंग के चलते यह सूची अभी तक सार्वजनिक नहीं हो पाई है। जानकारी के मुताबिक, अमेरिका से राहुल गांधी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए अजय माकन और केसी वेणुगोपाल के साथ चर्चा की और 49 सीटों पर अंतिम निर्णय लिया गया। कांग्रेस अब तक 41 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है, और आज दोपहर 12 बजे तक नई सूची जारी होने की उम्मीद है।
5 अक्तूबर को होगा मतदान
हरियाणा विधानसभा की सभी 90 सीटों पर एक ही चरण में 5 अक्तूबर को मतदान होगा, जबकि नतीजे 8 अक्तूबर को घोषित किए जाएंगे। इससे पहले चुनाव 1 अक्तूबर को होने थे, लेकिन त्योहारों के कारण चुनाव आयोग ने तारीखों में बदलाव किया।
हरियाणा विधानसभा का कार्यकाल 3 नवंबर 2024 को समाप्त हो रहा है। पिछली बार अक्तूबर 2019 में हुए चुनाव के बाद बीजेपी और जेजेपी ने गठबंधन सरकार बनाई थी।