हरियाणा को जल्द मिलेगा नए जिलों और तहसीलों का तोहफा, मंत्रिमंडल की बैठक में अहम फैसले

गोहाना, हांसी, असंध, सफीदों और डबवाली को नए जिले घोषित करने के प्रस्ताव, प्रशासनिक पुनर्गठन पर मंत्रिमंडल की मुहर।
हरियाणा डेस्क: हरियाणा के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य में जल्द ही नए जिलों, तहसीलों और उप-तहसीलों का गठन किया जाएगा। राज्य के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार की अध्यक्षता में गठित मंत्रिमंडल समूह की सब कमेटी ने तेजी से इस दिशा में काम शुरू कर दिया है। अब तक हुई दो बैठकों में चार अहम फैसले लिए गए हैं।
बैठक में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, शहरी स्थानीय मंत्री विपुल गोयल और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने भाग लिया। इसमें महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, यमुनानगर और फरीदाबाद जिलों के तहसील और उप-तहसील पुनर्गठन पर सहमति बनी।
मुख्य फैसले:
- महेंद्रगढ़ जिले के मंडोला गांव को उप-तहसील सतनाली में शामिल किया गया।
- रेवाड़ी जिले के बरेली कलां गांव को उप-तहसील पाल्हावास से निकालकर तहसील रेवाड़ी में जोड़ा गया।
- यमुनानगर के गुंदियाना गांव को तहसील रादौर से हटाकर उप-तहसील सरस्वतीनगर में जोड़ा गया।
- फरीदाबाद के कुछ सेक्टरों का रजिस्ट्रेशन सेगमेंट पुनर्गठित किया गया।
इसके अलावा, गोहाना, हांसी, असंध, सफीदों और डबवाली को नए जिले घोषित करने के प्रस्ताव भी समिति के समक्ष रखे गए हैं।