हरियाणा के कच्चे कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी: दो हफ्तों में मिल सकती है पक्की नौकरी

20 साल से कार्यरत अस्थायी कर्मचारियों को नियमित करने की प्रक्रिया शुरू, वित्त विभाग ने दी मंजूरी
हरियाणा : हरियाणा सरकार ने अस्थायी कर्मचारियों को पक्की नौकरी का तोहफा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। 20 साल से अधिक समय से काम कर रहे कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने के लिए राज्य सरकार ने कैडर पदों के सृजन को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री नायब सैनी के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है, जिसके तहत अगले दो हफ्तों में इन कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र जारी कर दिए जाएंगे।
मुख्य सचिव कार्यालय ने दी मंजूरी:
28 नवंबर को मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद, वित्त विभाग ने भी इसे मंजूरी दे दी है। सरकार ने पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में दाखिल याचिका के जवाब में जानकारी दी कि कच्चे कर्मचारियों को जल्द ही पक्की नियुक्तियां और वित्तीय लाभ दिए जाएंगे।
हाई कोर्ट के आदेश का पालन:
13 मार्च को हाई कोर्ट ने आदेश दिया था कि 20 साल से अधिक समय से कार्यरत सभी अस्थायी कर्मचारियों को नियमित किया जाए। इस पर कार्रवाई न होने के कारण याचिकाकर्ताओं ने मुख्य सचिव के खिलाफ अवमानना याचिका दायर की थी। अब सरकार ने इस आदेश का पालन करते हुए कर्मचारियों को राहत देने का ऐलान किया है।