September 22, 2024

आईएएस आर राजेश कुमार को मिली स्वास्थ्य विभाग में जिम्मेदारी, बनाये गये प्रभारी सचिव

देहरादून। आईएएस आर०राजेश कुमार को शासन की ओर से नई जिम्मेदारी दे दी गई है। आर०राजेश कुमार को चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग का प्रभारी सचिव बनाया गया है। साथ ही आईएएस आर० राजेश कुमार को नागरिक उड्डयन और एनएचएम के निदेशक की भी जिम्मेदारी दी गई है। वे एनएचएम के निदेशक के तौर पर काम करेंगे।

बता दें हाल ही में राजेश कुमार को देहरादून के जिलाधिकारी के पदभार से मुक्त किया गया था। उनकी जगह सोनिका को देहरादून का डीएम बनाया गया है। आर राजेश कुमार को 2021 में देहरादून का डीएम बनाया गया था। आईएएस अधिकारी डॉ० आर० राजेश कुमार मूलतः तमिलनाडु से आते हैं और 2007 बैच के अफसर हैं।

आर० राजेश कुमार की शुरुआती पढ़ाई दक्षिण भारत में ही हुई। उसके बाद उन्होंने चेन्नई के एक विश्वविद्यालय से विज्ञान विषय से स्नातक और इसके बाद स्नातकोत्तर की परीक्षा पास की। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने सिविल सर्विसेज की तैयारी शुरू की। साल 2007 में उनका चयन सिविल सर्विसेज के लिए हुआ। तब उन्होंने उत्तराखंड कैडर को सलेक्ट किया। आईएएस डॉ० आर० राजेश कुमार के पास पहाड़ी क्षेत्रों में काम करने का लंबा अनुभव है।

उन्होंने उत्तराखंड के दूरस्थ जिले उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ में जिलाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं। इस दौरान वो लोगों की समस्याएं जानने के लिए कई क्षेत्रों में पैदल भी गए हैं। पिथौरागढ़ में उन्होंने ग्रामीणों तक पहुंचने के लिए गुंजी गांव का पैदल दौरा भी किया। आर०राजेश कुमार सिविल एविएशन, पेयजल और कौशल विभाग जैसे महत्वपूर्ण विभागों में अहम भूमिका निभा चुके हैं।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com