September 22, 2024

जोशीमठ के लिए राहत सामग्री से भरे वाहनों को किया रवाना

देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने रविवार को जोशीमठ आपदा प्रभावितों के लिए राहत सामग्री से भरे दो वाहनों को रवाना किया। दीनदयाल उपाध्याय एक्शन एंड रिसर्च सोसाइटी की ओर से जोशीमठ आपदा प्रभावितों के लिए हीटर, कंबल, केतली, बिस्कुल, मैगी, साबुन आदि राहत सामग्री भेजी गई।

इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने कहा कि हमारे सभी प्रतिनिधियों ने हर तरीके से सहयोग करने का काम किया हैं। उन्होंने कहा कि सभी मंत्रियों एवं विधायकों ने अपने एक माह का वेतन जोशीमठवासियों को प्रदान किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि सामाजिक संगठनों के माध्यम से भी प्रभावितों राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार प्रभावितों के साथ खड़ी है। आज यह राहत सामग्री भेजी गई और आगे जो भी आवश्यकता होगी उसे भी पूरा किया जाएगा। सरकार जोशीमठ की तकनीकी रिपोर्ट ले रही है, जिसके आधार पर प्रभावितों का पुनर्वास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जोशीमठ की स्थिति का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार सीएम पुष्कर सिंह धामी से फीडबैक ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरी सरकार इस दुख की घड़ी में जोशीमठ के लोगों के साथ खड़ी है।

इस दौरान भाजपा के पूर्व संगठन मंत्री कैलाश पंत, समिति की अध्यक्ष नेहा जोशी, मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, महानगर महामंत्री सुरेन्द्र राणा, मंडल महामंत्री आशीष थापा आदि उपस्थित रहे।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com