September 22, 2024

3 लोकसभा सहित 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव जारी, 26 जून को आएंगे नतीजे

तीन लोकसभा और 7 विधानसभा सीटों पर आज उपचुनाव के लिए वोटिंग हो रही है। लोकसभा की 3 सीट में पंजाब की संगरूर और उत्तर प्रदेश की 2 रामपुर और आजमगढ़ सीट पर उपचुनाव हो रहा है। वहीं 7 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में त्रिपुरा की 4 अगरतला, टाउन बोरडोवाली, सुरमा और जुबराज में वोटिंग हो रही है। इसके अलावा दिल्ली की राजेंद्र नगर, झारखंड की मंदारी और आंध्र प्रदेश की आत्मकुर विधानसभा में भी आज उपचुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं। उप चुनाव के परिणाम 26 जून को आएंगे।

दिल्ली के राजेंद्रनगर में मतदान करते लोग

झारखंड की मंदर सीट पर वोटिंग जारी, लोगों में उत्साह

चार राज्यों की सात विधानसभा सीटों की बात करें तो दिल्ली की राजेंद्र नगर विधानसभा सीट आप नेता राघव चड्ढा के हाल ही में राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद खाली हुई है। वहीं, झारखंड के मांडर विधानसभा सीट से कांग्रेस के विधायक रहे बंधु तिर्की की सदस्यता रद्द होने के बाद उपचुनाव हो रहा है। आंध्र प्रदेश के आत्माकुर विधानसभा सीट से वाईएसआर कांग्रेस के विधायक का निधन होने के बाद इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है। वहीं, त्रिपुरा में अगरतला, बोरदोवाली टाउन और सूरमा से भाजपा विधायकों ने इस्तीफा दे दिया था जबकि जुबाराजगर से माकपा विधायक का निधन हो गया था जिसके बाद इन चारों सीटों पर उपचुनाव कराए जा रहे हैं।

मतदान के लिए सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। समाजवादी पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव और सपा के कद्दावर नेता आजम खान के इस्तीफे की वजह से आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं। आजमगढ़ में समाजवादी पार्टी की तरफ से धर्मेंद्र यादव मैदान तो भाजपा ने दिनेश लाल यादव निरहुआ और बसपा ने शाह आलम उर्फ़ गुड्डू जमाली को मैदान में उतारा है। रामपुर लोस उपचुनाव में सीधा मुकाबला भाजपा के घनश्याम लोधी और सपा के आसिम राजा के बीच है।

दिल्ली राजेंद्रनगर विधानसभा सीट राघव चड्ढा के राज्यसभा सांसद बनने के बाद खाली हुई है। इस बार आम आदमी पार्टी ने दुर्गेश पाठक को मैदान में उतारा है। वहीं, बीजेपी ने राजेश भाटिया को टिकट दिया है। उधर कांग्रेस ने महिला उम्मीदवार प्रेम लता को मैदान में उतारा है।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com