देश के आठ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में कोरोना से 24 घंटे में कोई मौत नहीं
देश के आठ राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में पिछले 24 घंटे के दौरान वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) से कोई मौत नहीं हुई है।
पिछले 24 घंटों यानी एक दिन के दौरान अंडमान और निकोबार,अरुणाचल प्रदेश, दादरा नगर हवेली और दमन दीव, लद्दाख,मिजोरम,पुडुचेर्री और त्रिपुरा में कोरोना से कोई मौत नहीं हुई है जबकि पूरे देश में इस दौरान 585 लोगों की मौत हुई है और सबसे अधिक 131 मौतें देश की राजधानी दिल्ली में हुई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से गुरुवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में 45,576 नए मामले सामने आए और संक्रमितों की संख्या करीब 89.58 लाख के पार पहुंच गयी और स्वस्थ होने वालों की संख्या 83.83 लाख से अधिक हो गयी है, जबकि 585 और मरीजों की मौत के साथ मृतकों का आंकड़ा 131,578 हो गया। देश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या में 3502 कमी आने के बाद यह संख्या घटकर 443303 रह गयी है।