September 21, 2024

ओणम 2020: राष्ट्रपति कोविंद, पीएम मोदी, उपराष्ट्रपति नायडू, केरल के सीएम ने दी शुभकामनाएं

कोरोना वायरस संकट के बीच देश में सोमवार को आज ओणम का त्योहार मनाया जा रहा है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति एम. वैंकैया नायडू और मुख्यमंत्री पिनराई विजयन समेत कई नेताओं ने देशवासियों और केरल के लोगों को ओणम की बधाई दी है। फसलों की कटाई पर मनाए जाने वाले उत्सव का त्योहार ओणम को केरल समेत देश के कई दूसरे हिस्सों में धूम-धाम से मनाया जा रहा है। 

इस अवसर पर राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने देशवासियों को ओणम की शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट किया। राष्ट्रपति ने ट्वीट किया कि ओणम के पावन पर्व पर सभी को बधाई। ओणम का त्योहार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। साथ ही, यह नई फसल के आगमन पर प्रकृति के प्रति कृतज्ञता भाव दर्शाने का अवसर भी है। इस मौके पर हम जरूरतमंद लोगों की सहायता करें व कोविड-19 की रोकथाम के लिए सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

ओणम एक अनूठा त्योहार है- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट करते हुए कहा कि ओणम पर बधाई। यह एक अनूठा त्योहार है, जो सद्भाव का जश्न मनाता है। यह हमारे मेहनती किसानों के प्रति आभार व्यक्त करने का एक अवसर है। सभी को आनंद और उत्तम स्वास्थ्य का आशीर्वाद मिले। इसके साथ ही पीएम मोदी ने एक वीडियो भी शेयर किया। वहीं इससे पहले कल रविवार को ओणम की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति एम वैंकैया नायडू और मुख्यमंत्री पिनराई विजयन सहित तमाम नेताओं ने सभी लोगों को ओणम की पूर्व संध्या पर शुभकामनाएं दीं थीं।

 ‘यह त्योहार सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशी लाएं’

उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने सोमवार को देशवासियों को ओणम की शुभकामनाएं दी और इस त्योहार के सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशी लाने की कामना की। केरल के शासक एवं महाराजा महाबली की याद में ओणम का त्यौहार मनाया जाता है। उप राष्ट्रपति सचिवालय ने नायडू के हवाले से ट्वीट किया, ‘‘इस ओणम पर, आइए हम अपने आप को ईमानदारी, अखंडता, करुणा, निस्वार्थता और बलिदान के मूल्यों की याद दिलाएं, जिसका महान महाराजा महाबली ने समर्थन किया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ यह त्योहार सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशी लाएं।’’

ओणम चिंगम के महीने में आता है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात कार्यक्रम के दाैरान प्रसिद्ध ओणम पर्व पर लोगों को बधाई दी थी। फसल कटाई के अवसर पर मनाया जाने वाला ओणम उत्सव 22 अगस्त से शुरू हुआ था और अब इसका समापन 2 सितंबर तक होगा। ओणम चिंगम के महीने में आता है, जो मलयालम कैलेंडर के अनुसार पहला महीना है। 10 दिनों तक चलने वाले इस समारोह में मलयालम नव वर्ष को चिह्नित किया जाता है। यह उत्सव बेहद धूमधाम से मनाया जाता है। हालांकि इस बार कोरोना वायरस के चलते इस साल लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

कोविड-19 दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए इसे मनाएं

मुख्यमंत्री विजयन ने कहा कि ओणम आशा का त्योहार है और लोगों से अनुरोध है कि वे कोविड-19 दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए इसे मनाएं।  वहीं, केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने भी ओणम की शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल खान ने अपने शुभकामना संदेश में कहा, ‘‘मैं दिल से दुआ करता हूं कि ओणम के त्योहार पर हर घर में सुख और समृद्धि आए।’’


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com