September 21, 2024

दूसरे के सुख का विचार करने वाला ही सच्चा ज्ञानी है: शाह

देहरादून/ ऋषिकेश। विवेकानंद के अनुसार अपनी जगह दूसरे के सुख का विचार करने वाला ही सच्चा ज्ञानी है। देश के दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाना हमारा लक्ष्य होना चाहिए। देश के नागरिक स्वस्थ हों, दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें, इसके लिए आप सभी को अपना महत्वपूर्ण योगदान देना होगा। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना है। जिससे अब तक लगभग एक करोड़ लोग लाभान्वित हुए हैं।

यह बात शनिवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश के द्वितीय दीक्षांत समारोह के मौके पर केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कही। कार्यक्रम का शुभारंभ केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन व केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री डाॅ. रमेश पोखरियाल निशंक दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह

अपने सम्बोधन में उपाधि प्राप्त करने वाले चिकित्सकों एवं उनके परिजनों को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि ऋषिकेश एम्स द्वारा स्वास्थ्य के क्षेत्र में कम समय में सराहनीय कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा स्वास्थ्य के क्षेत्र में बहुत से कदम उठाए गए हैं, जिनमें अटल आयुष्मान योजना एवं प्रधानमंत्री जन औषधि योजना के साथ ही देश में एम्स की संख्या को बढ़ाकर 22 करना जैसे कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि देश को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नंबर वन बनाने के लिए केन्द्र सरकार लगातार कार्य कर रही है। देश के प्रत्येक राज्य में एम्स खोलने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक तीसरी लोकसभा में एक मेडिकल काॅलेज बनाने का लक्ष्य हम वर्ष 2024 तक पूरा करेंगे।

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपनी शिक्षा को पूर्ण करने वाले चिकित्सकों को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि की आप सभी को राज्य एवं देश की चिकित्सा सुविधाओं के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देना है। उन्होंने ऋषिकेश एम्स की प्रशंसा करते हुए कहा कि एम्स राज्य एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी लगातार प्रयास कर रही है कि राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों सहित प्रत्येक नागरिक को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन कहा कि एम्स ने स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने में काफी तेजी से प्रगति की है। उन्होंने कहा कि यहां से निकलने के बाद आपको मानवता की सेवा करने का अवसर मिलेगा। उपाधि पाने वाले चिकित्सकों को चिकित्सा क्षेत्र का भविष्य बताते हुए उन्होंने चिकित्सकों से देश एवं राज्य की सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने का अनुरोध किया।

केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि आप सब के जीवन में एक ऐतिहासिक पल है। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश एम्स में कम समय में काफी ऊंचाइयों को छुआ है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com