September 22, 2024

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आज राष्ट्र को करेंगे संबोधित

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज देश को संबोधित करेंगे। कोरोना संकट के बीच इस बार तमाम सावधानियों के साथ आजादी का जश्न मनाया जाएगा। आजादी की 74वीं वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शाम को 7 बजे देश को संबोधित करेंगे।

बता दें कि राष्ट्रपति का यह संबोधन दूरदर्शन और ऑल इंडिया रेडियो पर सीधा प्रसारित किया जाएगा। इसके बाद रात 9 बजे राष्ट्रपति के संबोधन को सभी क्षेत्रीय भाषाओं में प्रसारित किया जाएगा।

इस संबंध में राष्ट्रपति के सचिवालय से विज्ञप्ति जारी करके जानकारी दी गई है। इसमे कहा गया है कि आज राष्ट्रपति का संबोधन आकाशवाणी और सभी राष्ट्रीय नेटवर्क व दूरदर्शन के चैनल पर शाम 7 बजे हिंदी भाषा में प्रसारित किया जाएगा। इसके बाद अंग्रेजी संस्करण में राष्ट्रपति का संबोधन होगा।

बता दें कि स्वतंत्रता दिवस समारोह की गुरुवार को फुल ड्रेस रिहर्सल हुई। इसमें थलसेना, वायुसेना और नौसेना के जवानों ने लालकिले पर मार्च किया। यह ड्रेस रिहर्सल सुबह 9 बजे की गई। सुबह 3 बजे ही तमाम सुरक्षाकर्मी यहां रिहर्सल के लिए पहुंच गए थे।

बता दें कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के समारोह के लिए दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। तमाम गणमान्य लोगों से अपील की गई है कि अगर कार्यक्रम के 2 हफ्ते पहले कोरोना से संक्रमित हुए हैं तो वह इसमें हिस्सा ना लें। पुलिस ने बताया कि लाल किले पर तकरीबन 4000 सुरक्षाकर्मि तैनात किए जाएंगे। साथ ही लाल किले पर गार्ड ऑफ ऑनर में हिस्सा लेने के लिए 350 से अधिक दिल्ली पुलिस के सुरक्षाकर्मियों को भेजा गया है।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com