September 22, 2024

प्रियंका गांधी ने महिलाओं के लिए जारी किया घोषणा पत्र, बोलीं- साबित होगा मील का पत्थर, जानिए बड़ी बातें

उत्तर प्रदेश के लिए कांग्रेस ने महिला घोषणापत्र आज जारी कर दिया है। प्रियंका गांधी ने घोषणा पत्र जारी करते हुए जानकारी दी की घोषणापत्र को 6 हिस्सों में बांटा गया है। उन्होंने महिलाओं के लिए चुनावी पिटारा खोलते हुए ऐलान किया कि अगर यूपी में कांग्रेस की सरकार बनी तो सरकारी पदों पर 40 फीसदी महिलाओं की नियुक्ति की जाएगी। चुनाव में 40 फीसदी महिलाओं को टिकट दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त करना कांग्रेस का उद्देश्य है। महिलाएं अगर अपनी शक्ति पहचान लें तो देश की राजनीति बदल सकती है।

कांग्रेस का दावा है कि विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का घोषणा पत्र प्रदेश की प्रगति का दस्तावेज है। घोषणा पत्र में युवाओं, किसानों, महिलाओं, व्यापारियों, वंचित वर्ग और सभी तबके के लोगों का विशेष ख्याल रखा गया है।

अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 7 प्रतिज्ञाएं की हैं। इनमें कांग्रेस ने महिलाओं का खास ध्यान रखा है। कांग्रेस ने कहा है कि विधानसभा के चुनाव में कांग्रेस अपने 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देगी। इस तरह वह विधानसभा चुनाव में 161 महिलाओं को मैदान में उतारेगी। इसके अलावा उसने प्रदेश में अपनी सरकार बनने पर इंटर पास करने वाली सभी लड़कियों को स्मार्टफोन और स्कूटी मुफ्त में देने का वादा किया है। इसके साथ ही प्रियंका ने एक नया नारा भी दिया है- ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’। ये नारा अब कांग्रेस के लिए यूपी चुनाव का ट्रंप कार्ड बन सकता है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रियंका गांधी का महिलाओं के प्रति विशेष लगाव है और वो लगातार उनके मुद्दे उठाती रही हैं। कल की घोषणा भी महिलाओं के लिए होगी। इसमें महिलाओं के उत्थान और उनके सशक्तीकरण के लिए पार्टी अपनी नीति और योजनाओं को सबके सामने रखेगी। ये एक प्रकार से कांग्रेस सरकार आने पर यूपी की महिलाओं की बेहतरी के लिए रोडमैप होगा।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com