September 22, 2024

उत्तराखण्डी स्वाभिमान रैली में बोली प्रियंका-चुनाव में साम्प्रदायिकता और जातिवाद की बातें करती है भाजपा

देहरादून। उत्तराखण्ड में 14 तारीख को होने वाले इलेक्शन के लिए प्रचार का आखिरी दौर चल है। भाजपा-कांग्रेस के बड़े नेताओं का चुनावी प्रचार के लिए उत्तराखण्ड में है। प्रचार के इस आखिरी दौर में राजनीतिक पार्टियां जनता तक अपनी नीतियों को पहुंचाने के पीछे नहीं रहना चाहती। इस सिलसिले में कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी हल्द्वानी पहुंची जहां उन्होंने स्वाभिमान रैली को सम्बोधित किया।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अपना सम्बोधन पूर्व प्रधानमंत्री इन्दिरा गांधी को याद करते हुए शुरू किया। उन्होंने कहा कि ’दादी का उत्तराखण्ड के साथ एक बहुत गहरा रिश्ता रहा है। मैं बचपन में दादी के साथ आंदमयी आश्रम आती थी। वे हमेशा समझाती थी कि यहां कि प्रकृति, और यहां के हिमालय क्या मायने हैं?

उन्होंने यहां पर महिलाओं, किसानों, पूर्व सैनिकों और नौजवानों को और उनकी समस्याओं के हर पहलू का अपने भाषण में जिक्र किया। उन्होंने पलायन और बेरोजगारी पर बात करते हुए कहा कि ’उत्तराखण्ड में बेरोजगारी दर पूरे देश में सबसे ज्यादा है।’ प्रियंका ने सवाल किया यहां के गांव खाली-खाली क्यों है?

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश डबल इंजन की सरकार है। फिर प्रदेश का नौजवान बेरोजगार क्यों है? प्रदेश में पलायन क्यों हो रहा है? उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की नीयत खोटी है। इनकी नीतियां प्रदेश के विकास के लिए नहीं है। इनकी नीतियां अपने बड़े-बड़े उद्योगपति दोस्तों के लिए है। इनके उद्योगपति दोस्त लाखों-करोड़ो रुपया कमाते हैं, लेकिन गरीब और किसान के लिए इनके पास कोई योजना नहीं है। ये ऐसी सरकार है जिसकी नीयत ही खोटी है। प्रियंका गांधी ने कहा कि ये लोग चुनाव के समय फिजूल के मुद्दे उठाते हैं। साम्प्रदायिकता और जातिवाद की बात करते हैं।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि ‘अब जागरूक होने का समय आ गया है। प्रदेश में ऐसी सरकार की जरूरत है जिसे अनुभव हो। इनको सरकार चलाने का अनुभव ही नहीं है। इसीलिए इनको तीन-तीन मुख्यमंत्री बदलने पड़ते हैं।

उन्होंने कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। उत्तराखण्ड के लोगों को तो हजार रुपये का गैसे सिलेण्डर 2 हजार का पड़ रहा है। सिर्फ ये सरकार गन्ना, गेहूं, धान के दाम नहीं बढ़ा पाई हैं। उन्होंने अपने भाषण में नोटबंदी, जीएसटी और लॉकडाउन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कोविड की लहर के दौरान सरकार झूठ बोलती रही है। और प्रदेश की जनता को स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिली।

भाषण में किया घोषणापत्र का जिक्र

प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रदेश में चार लाख लोगों को रोजगार देंगे। रसोई गैस की कीमत प्रति सिलेण्डर 500 के पार नहीं जाने देंगे। पांच लाख गरीब परिवारों को सालाना 40 हजार की मदद करेंगे। पुलिस में में 40 प्रतिशत महिलाओं की भर्ती की जाएगी। पूर्व सैनिक कल्याण बोर्ड का गठन किया जाएगा। पर्यटन पुलिस की भर्ती की जाएगी। प्रदेश में छोटे-छोटे रोजगार को सपोर्ट किया जाएगा।

संतुलित रहा प्रियंका का भाषण

हल्द्वानी में उत्तराखण्डी स्वाभिमान रैली में प्रियंका गांधी का भाषण काफी संतुलित नजर आया। उनका भाषण प्रदेश में बेरोजगारी, पलायन, महंगाई और किसानों, महिलाओं, व्यापारियो जैसे समस्याओं पर फोकस रहा। अपने भाषण के दौरान उन्होंने यह भी बताने की कोशिश की कि किस प्रकार कांगं्रेस की सरकार आने के बाद वे इन समस्याओं को दूर करने का काम करेंगे।
हालांकि उन्होंने भाषण के दौरान डबल इंजन की सरकार पर भी प्रहार किया। उन्होंने कहा कि इनके पास फालतू के मुद्दे रहते है। चुनाव के दौरान ये साम्प्रदायिक और जातिवाद जैसे फिजूल की बाते करते हैं।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com