पंजाब में मानसून फिर सुस्त! गर्मी और उमस से बेहाल लोग, जानें कब मिलेगी राहत बंगाल की खाड़ी में दबाव से मॉनसून कमजोर, IMD ने येलो अलर्ट किया रद्द

चंडीगढ़: पंजाब में गर्मी और उमस झेल रहे लोगों के लिए बुरी खबर है। राज्य में मानसून एक बार फिर कमजोर पड़ गया है, जिससे बारिश नहीं हो रही और तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के कारण पंजाब तक नमी वाली हवाएं नहीं पहुंच पा रही हैं।
IMD ने 6-7 अगस्त के लिए जारी येलो अलर्ट किया रद्द
मौसम विभाग (IMD) ने 6-7 अगस्त के लिए जारी येलो अलर्ट को वापस ले लिया है। हालांकि, 7 अगस्त को बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
तापमान फिर पहुंचा 40 डिग्री के करीब
1 अगस्त के बाद से राज्य में अच्छी बारिश नहीं हुई, जिससे तापमान में फिर बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। रविवार को फाजिल्का का तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक है। अगर अगले कुछ दिनों में बारिश नहीं हुई, तो गर्मी और उमस और बढ़ सकती है।