September 22, 2024

राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर लगाया देश की अर्थव्यवस्था का बुरा हाल करने आरोप, जारी किया वीडियो

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एकबार फिर केंद्र सरकार पर बड़ा हमला किया है। राहुल गांधी ने केद्र सरकार पर देश की अर्थव्यवस्था का बुरा हाल करने का आरोप लगाया है। राहुल गांधी ने आज फिर एक वीडियो जारी किया। इस वीडियो में  उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था के अलग-अलग पहलुओं पर बात की है। वीडियो की सीरीज को राहुल गांधी ने ‘अर्थव्यवस्था की बात, राहुल के साथ’ का नाम दिया है। राहुल गांधी ने एक वीडियो ट्वीट कर आरोप लगाया कि सरकार असंगठित अर्थव्यवस्था को बर्बाद करके लोगों को गुलाम बनाने की कोशिश की जा रही है।

वीडियो शेयर करते हुए राहुल ने लिखा, ‘जो आर्थिक त्रासदी देश झेल रहा है उस दुर्भाग्यपूर्ण सच्चाई की आज पुष्टि हो जाएगी। भारतीय अर्थव्यवस्था 40 वर्षों में पहली बार भारी मंदी में है। ‘असत्याग्रही’ इसका दोष ईश्वर को दे रहे हैं। सच जानने के लिए मेरा वीडियो देखें। यह वीडियो तीन मिनट 38 सेकेंड का है।

राहुल गांधी ने वीडियो में कहा है कि 2008 में जबरदस्त आर्थिक तूफान आया। इसका असर पूरी दुनिया पर हुआ। अमेरिका, जापान, चीन आदि में कंपनियां घाटे की वजह से बंद होती जा रही थीं। यूरोप के बैंक गिरते जा रहे थे लेकिन उस वक्त हिंदुस्तान पर असर नहीं था। राहुल आगे कहते हैं कि इसकी उन्हें हैरानी हुई, जिसका जवाब मनमोहन सिंह ने उन्हें दिया। मनमोहन सिंह ने कहा, ‘राहुल अगर हिंदुस्तान की अर्थव्यवस्था को समझना चाहते हो तो यह समझना होगा कि हिंदुस्तान में दो अर्थव्यवस्था हैं। पहली असंगठित अर्थव्यवस्था और दूसरी संगठित अर्थव्यवस्था। संगठित में बड़ी कंपनियों के नाम आप जानते हो, असंगठित व्यवस्था में किसान, मजदूर, छोटे दुकानदार, मिडल साइज कंपन शामिल हैं। जिस दिन तक हिंदुस्तान का असंगठित सिस्टम मजबूत है उस दिन तक हिंदुस्तान को कोई भी आर्थिक तूफान छू नहीं सकता।’

केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने आगे कहा कि ‘अब आज के दिन पर आते हैं। पिछले 6 साल से बीजेपी की सरकार ने असंगठित व्यवस्था पर आक्रमण किया है। 3 बड़े उदाहरण तो मैं आपको अभी दे देता हूं नोटबंदी, गलत जीएसटी और लॉकडाउन।’ राहुल ने आरोप लगाया कि इन तीनों का लक्ष्य हमारे इनफॉरमल सेक्टर को खत्म करने का है। राहुल ने आगे कहा कि आपको ठगा जा रहा है और आपको गुलाम बनाने की कोशिश की जा रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि हमें इस आक्रमण को पहचानना पड़ेगा और पूरे देश को मिलकर इसके खिलाफ लड़ना पड़ेगा।

आपको बता दें कि राहुल गांधी इससे पहले भी कई वीडियो जारी कर चुके हैं। कोरोना को देखते हुए वो वीडियो के जरिए लोगों तक अपनी बात पहुंचा रहे हैं। सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज उठाते हुए वे लोगों से रूबरू होते रहे हैं। वीडियो सीरीज में राहुल गांधी अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों से बात करते हैं और समस्याओं के समाधान पर मंथन करते हैं।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com