September 22, 2024

बारिश का कहरः चार लोगों के मौत की खबर, मुख्यमंत्री ने संभाला मोर्चा

देहरादून। प्रदेश में मौसम अपने तल्ख तेवर अपनाये हुए है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक पूरे प्रदेष में बारिश का दौर जारी है। प्रदेश के कई इलाकों से भूस्खलन की खबरें आ रही हैं। कई स्थानों में भूस्खलन के चलते यातायात बाधित होने की खबरें भी हैं।

लगातार बारिश के चलते प्रदेश में चार लोगों की मौत की भी खबर हैं। मिली जानकारी के मुताबिक बरसात में मकान गिरने के चलते पौड़ी जिले से तीन लोगों की मौत की खबर है। जबकि कुमाऊं मण्डल के चम्पावत जिले में एक व्यक्ति की जान चली गई है। आपदा सचिव ने इसकी पुष्टि भी की है।

मौसम विभाग ने भारी बारिष का अलर्ट जारी किया था। मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक विक्रम सिंह ने कहा था कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते भारी बारिष हो सकती है। उनके अनुसार 2013 में जिस तरह के हालत हुए थे इस बार भी कुछ वैसी ही स्थिति नजर आ रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में हो रही वर्षा का लगातार जायजा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने फोन के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों से जनपदों में बारिश की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले में बारिश की स्थिति एवं आवागमन की स्थिति की प्रत्येक घंटे की रिपोर्ट दी जाए। प्रशासनिक अमले पहले ही मुख्यमंत्री के निर्देश पर अलर्ट मोड पर है।

मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से भी सावधानी बरतने की अपील की है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर आज प्रदेश के 01 से 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूल बंद रखे गए हैं। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की आपदा की स्थिति में रिस्पांस टाइम कम से कम हो। यात्रियों को असुविधा न हो।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com