इलाज के लिए विदेश यात्रा पर जाएंगी सोनिया गांधी, राहुल और प्रियंका भी रहेंगे साथ
कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी चिकित्सा जांच के लिए विदेश यात्रा करेंगी और राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा उनके साथ जाएंगे। पार्टी ने मंगलवार इस संबंध में जानकारी सार्वजनिक की है। हालांकि अभी तक यात्रा की तारीख और स्थानों के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने इस संबंध में एक बयान जारी कर कहा, “कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी चिकित्सा जांच के लिए विदेश यात्रा करेंगी। वह नई दिल्ली लौटने से पहले अपनी बीमार मां से भी मिलेंगी।” उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा कांग्रेस अध्यक्ष के साथ यात्रा करेंगे।
श्री जयराम रमेश, सांसद और महासचिव (संचार), भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का वक्तव्य – pic.twitter.com/3auLPQyQTP
— Congress (@INCIndia) August 24, 2022
इस यात्रा की जानकारी ऐसे समय में सामने आई है जब कांग्रेस 7 सितंबर से कन्याकुमारी से कश्मीर तक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू करने की तैयारियों में जुटी है। यह यात्रा पार्टी अध्यक्ष के चुनाव से पहले आयोजित की जाएगी। बता दें कि इस बीच राहुल गांधी 4 सितंबर, 2022 को नई दिल्ली में कांग्रेस की ‘महंगाई पर हल्ला बोल’ रैली को संबोधित करेंगे।