September 22, 2024

Uttarakhand: महंगाई को लेकर कांग्रेस ने केन्द्र सरकार के खिलाफ प्रदेश भर में किया प्रदर्शन

देहरादून। डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस प्रदेश कमेटी के आह्वान पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेशभर में पेट्रोल पंपों पर धरना प्रदर्शन किया। पूर्व सीएम हरीश रावत ने देहरादून में गैस सिलेंडर को सिर पर रखकर प्रदर्शन किया। हरिद्वार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के विरोध में बीजेपी सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।

इस दौरान हरिद्वार में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पेट्रोल और डीजल पर 5 रुपये और 10 रुपये बढ़ाकर राजनीतिक स्टंट खेल रही है। सरकार की इस राहत से जनता का कुछ भला नहीं होगा। सरकार रसोई गैस के दामों को आधा करे, डीजल पेट्रोल पर तत्काल 20 रुपये घटाए, तभी जनता को कुछ राहत मिलेगी।

ऋषिकेश में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देहरादून रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के बाहर महंगाई को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसियों ने कहा कि एक तरफ कोरोना की मार जनता पर पड़ रही है, दूसरी ओर मोदी सरकार की महंगाई से गरीब आदमी भूखे पेट सोने को मजबूर हो रहा है।

कोटद्वार में भी पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दामों को लेकर जिला अध्यक्ष विनोद नेगी की अगुवाई में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने कोटद्वार रोड स्थित पेट्रोल पंप पर भाजपा सरकार के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा बढ़ते रसोई गैस के दामों को लेकर गैस सिलेंडर उठाकर भी प्रदर्शन किया गया।

लक्सर में लगातार बढ़ रही महंगाई के खिलाफ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेस सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष राजेश रस्तोगी ने कहा के भारतीय जनता पार्टी सिर्फ जनता को ठगने का काम कर रही है। महंगाई रूपी डायन जनता को निगलने के लिए तैयार बैठी है। भाजपा सरकार इस महंगाई पर लगाम लगाने में पूरी तरह विफल हो चुकी है।

बागेश्वर में भी कांग्रेसियों ने लगातार बढ़ रही महंगाई के विरोध में ने जिला मुख्यालय के पेट्रोल पंप पर धरना प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष लोकमणि पाठक ने कहा कि सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दाम कम करने के नाम पर राजनीति हो रही है। दाम तेजी से बढ़ाए गए, लेकिन कीमतों में मामूली कमी की जा रही है, अब भी पेट्रोलियम पदार्थ काफी महंगी दरों पर मिल रहे हैं। जिसके कारण आम आदमी पर महंगाई का बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार ईंधन की कीमतों को कम नहीं करेगी, तब तक कांग्रेस संघर्ष करते रहेगी।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सोमेश्वर में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल पंप के बाहर धरना प्रदर्शन किया। खाली गैस सिलेंडर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष किशोर नयाल ने कहा कि महंगाई को मुद्दा बनाकर सत्ता में काबिज होने वाली भाजपा ने 7 वर्षों में रिकॉर्ड तोड़ महंगाई बढ़ा दी है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, सरसों तेल सहित आवश्यक चीजों के दाम बढ़ने से गरीब की हालत दयनीय हो गई है।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com