September 22, 2024

उत्तराखण्डः सरकार गठन की कसरत तेज, मंत्रिमण्डल में नजर आ सकते हैं ऋतु और विनोद

देहरादून। उत्तराखंड में सरकार-2 की गठन की कसरत तेज हो गई है। 22 मार्च तक नई सरकार की तस्वीर सामने आने को लेकर हलचल तेज हो गई है। सीएम से लेकर कैबिनेट को लेकर सियासी गलियारों में कई तरह की चर्चा हो रही है। सीएम के साथ ही कैबिनेट में फेरबदल को लेकर पूरी संभावनाएं जताई जा रही हैं। नई सरकार में मोदी विजन और युवा टीम को जगह मिलने का दावा किया जा रहा है। जिसके कारण पुरानी टीम में बड़े स्तर पर बदलाव तय है। नई सरकार में युवा चेहरों को कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है।

भाजपा की नई सरकार में 2024 से पहले की छाप दिखनी तय है। केन्द्र का पूरा फोकस अब 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर है। ऐसे में उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तराखंड सरकार में अब बड़े फेरबदल की तैयारी की जा रही है। जिससे युवा और बड़े चेहरों को शामिल करने की तैयारी चल रही है।

2017 में त्रिवेंद्र रावत की प्रचंड बहुमत की सरकार में कांग्रेस से भाजपा में आकर विधायक बने उमेश शर्मा काऊ को छोड़कर सतपाल महाराज, हरक सिंह रावत, यशपाल आर्य, सुबोध उनियाल, रेखा आर्य जबकि भाजपा से मदन कौशिक, अरविंद पांडे, धन सिंह रावत को मंत्री बनाया गया। बाद में सरकार बदलने पर मदन कौशिक को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया उनकी जगह बंशीधर भगत को कैबिनेट में जगह दी गई। वहीं भाजपा कोटे से गणेश जोशी, विशन सिंह चुफाल, स्वामी यतीश्वरानंद को मंत्री बनाया गया।

चौंका सकते हैं ये चेहरे

उत्तराखण्ड में विधान सभा में 70 सीटे हैं उस हिसाब से यहां मुख्यमंत्री के अलावा 11 मंत्री बन सकते हैं। पिछली सरकार में मंत्री यशपाल आर्य और हरक सिंह रावत कांग्रेस में वापिसी कर चुके हैं जबकि यतीश्वरानंद हरिद्वार ग्रामीण से चुनाव हार गये हैं। अब पुराने मंत्रियों में से सतपाल, सुबोध, रेखा, अरविंद पांडेय, धन सिंह, गणेश जोशी, विशन सिंह, बंशीधर चुनाव जीत कर वापस आये हैं।
दावा किया जा रहा है कि इस बार नई सरकार में पूरी तरह युवा टीम को जगह मिलेगा। जिन युवा चेहरों की कैबिनेट में जगह मिलने की चर्चाएं है, उनमें विनोद कण्डारी का नाम सबसे आगे हैं। विनोद कण्डारी दूसरी दफा देवप्रयाग से विधायक चुने गये हैं। उन्होंने लगातार दूसरी बार पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवाकर भट्ट और मंत्री प्रसाद नैथानी को शिकस्त दी है। साथ ही उन्हें आदर्श विधायक का तमगा भी हासिल हैं।

वहीं कोटद्वार से विधायक ऋतु खण्डूडी का भी मंत्री बनाये जाने की चर्चाएं हैं। ऋतु खण्डूडी पहली दफा यमकेश्वर विधानसभा से विधायक बनी। इस बार पार्टी ने उन्हें कोटद्वार से चुनाव मैदान में उतारा। जहां चुनाव में उन्होंने पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेसी सुरेन्द्र सिंह नेगी को शिकस्त देकर दूसरी दफा विधायक चुनी गई। वहीं सितारगंज से सौरभ बहुगुणा का नाम भी मंत्रिमण्डल में शामिल होने की चर्चाएं हैं। सौरभ भी दूसरी दफा सितारगंज से विधायक चुने गये हैं।


WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com