उत्तराखण्डः उपचुनाव में किसका रहेगा पलड़ा भारी, जाने इन आंकड़ो की जुबानी

देहरादून। उत्तराखण्ड में 10 जुलाई को विधानसभा की दो सीटों के लिए उपचुनाव होना है। चमोली जिले की बदरीनाथ विधानसभा सीट और हरिद्वार जिले की मंगलौर विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव होना है। दोनों सीटों को अपने पाले में करने के लिए भाजपा और कांग्रेस मशक्कत में जुटी है। मौजूदा विधानसभा में सत्ताधारी बीजेपी 47 सीटें है। बीजेपी दोनों सीटें जीतकर विधायकों की संख्या 47 से 49 करना चाहती है तो कांग्रेस लगातार जीत रही भाजपा का विजय रथ ये दोनों सीटे जीतकर रोकना चाहती है।
बदरीनाथ विधानसभा की बात करें तो इस विधानसभा के लोगों ने कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशियों को समय-समय पर विधानसभा पहुंचाया है। लेकिन मंगलौर विधानसभा ने राज्य बनने से लेकर अभी तक भाजपा के किसी भी उम्मीदवार अपना भरोसा नहीं दिखाया है। यहां कांग्रेस और बसपा के प्रत्याशी ही अभी तक विधानसभा पहुंचे हैं।
साल 2022 के विधानसभा चुनाव में इस दोनों विधानसभा सीटों के आंकड़ों पर नजर डाले तो मंगलौर विधानसभा में 116225 कुल मतदादता थे, जिसमें बसपा के सरबत करीम अंसारी को 32567 वोट मिले जो 37.18 प्रतिशत था। वहीं कांग्रेस के काजी मोहम्मद निजामुद्दीन को 32062 वोट मिले, जो 36.5 प्रतिशत था। इसके अलावा भाजपा के दिनेश सिंह पवार को 18763 वोट मिले जो 21.36 प्रतिशत था।
वही साल 2022 में बद्रीनाथ विधानसभा में 104795 मतदाता थे, जिसमें कांग्रेस के राजेंद्र भंडारी को 32661 वोट मिले जो 47.88 प्रतिशत था. भाजपा के महेंद्र भट्ट को 30595 वोट मिले जो 44.85 प्रतिशत था। मंगलौर में सीधी टक्कर बसपा और कांग्रेस की रही है, दूसरी तरफ बद्रीनाथ विधानसभा में सीधी टक्कर कांग्रेस और भाजपा के बीच रही है।