CM मान का बड़ा हमला! बोले- सुखबीर बादल के गुनाहों पर जल्द होंगे चौंकाने वाले खुलासे पंजाब CM भगवंत मान ने सुखबीर बादल पर कसा तंज, कहा- बेअदबी के दोषियों को मिलेगी सजा, सरकारी कर्मचारियों को भी दी चेतावनी

होशियारपुर: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज होशियारपुर और जालंधर दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने राज्य स्तरीय वन महोत्सव में भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब में बाढ़ से ज्यादा नुकसान नहीं हुआ क्योंकि इस साल बारिश कम हुई। साथ ही उन्होंने पेड़ लगाने और पर्यावरण को बचाने की अपील की।
सुखबीर बादल पर सीधा हमला
CM मान ने शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि गुनाहों की माफी नहीं, सिर्फ सजा होती है। बेअदबी मामलों में दोषियों को सख्त सजा मिलेगी और जल्द ही चौंकाने वाले खुलासे किए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि सभी जरूरी दस्तावेज और सबूत इकट्ठे किए जा चुके हैं।
सरकारी कर्मचारियों को सख्त चेतावनी
सीएम मान ने सरकारी दफ्तरों, स्कूलों और अस्पतालों के कर्मचारियों को आगाह किया कि वह कभी भी अचानक निरीक्षण कर सकते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसी सरकारी कर्मचारी ने जनता को परेशान किया तो मौके पर ही सस्पेंड कर दिया जाएगा।
बांग्लादेश तख्तापलट पर टिप्पणी
बांग्लादेश की स्थिति पर बोलते हुए CM मान ने कहा कि वहां के लोग जाग चुके हैं और प्रधानमंत्री को आधे घंटे में ही भागना पड़ा। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि जनता को परेशान किया गया तो नेताओं का भी यही हश्र होगा।